सहारनपुर।
महानगरवासियों को निर्बाध, स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में नगर निगम ने एक अहम उपलब्धि हासिल की है। महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में छह करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 50 से ज्यादा नए नलकूपों के निर्माण एवं पुराने नलकूपों के रिबोर कार्य को सफलतापूर्वक पूरा किया गया है। इससे वर्षों से चली आ रही जल आपूर्ति की समस्याओं को काफी हद तक दूर करने में मदद मिली है।
वार्ड संख्या 7 में नलकूप रिबोर कार्य का शुभारंभ करते हुए महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह ने कहा कि स्वच्छ पेयजल प्रत्येक नागरिक का मूल अधिकार है और नगर निगम इस दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि बीते ढाई वर्षों में शहर के विभिन्न इलाकों में 31 मिनी नलकूप स्थापित किए गए हैं, वहीं कई वार्डों में उच्च क्षमता वाले नए नलकूपों का निर्माण कराया गया है। जलापूर्ति बाधित क्षेत्रों में रिबोर कार्य के माध्यम से पानी की समस्या को प्राथमिकता के आधार पर सुलझाया गया है।
महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप शहरवासियों को शुद्ध और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से योजनाबद्ध तरीके से कार्य किए जा रहे हैं, ताकि भविष्य में भी जल संकट जैसी स्थिति उत्पन्न न हो।
नगरवासियों का कहना है कि इन प्रयासों से कई मोहल्लों में पानी की नियमित आपूर्ति शुरू हुई है, जिससे आमजन को बड़ी राहत मिली है। जनहित से जुड़े इन कार्यों के कारण महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह के प्रति लोगों का भरोसा और सम्मान लगातार बढ़ रहा है।
