देवबंद/सहारनपुर: थाना देवबंद क्षेत्र के ग्राम बीबीपुर में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 23 वर्षीय युवती का शव खेत में पेड़ से लटका हुआ मिला। मृतका की पहचान रवीना (पुत्री सोमपाल) के रूप में हुई है, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट परिजनों ने एक दिन पूर्व ही थाने में दर्ज कराई थी।
घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शोकाकुल परिजनों ने स्थानीय पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जब कल ही पुलिस को बेटी के लापता होने की सूचना दे दी गई थी, तो पुलिस ने तत्परता क्यों नहीं दिखाई? परिजनों का आरोप है कि यदि पुलिस ने समय रहते ठोस कदम उठाए होते और गंभीरता से तलाश की होती, तो शायद परिणाम कुछ और होता। ग्रामीणों द्वारा शव देखे जाने की सूचना मिलने के बाद ही पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस का पक्ष:
इस मामले में क्षेत्राधिकारी (सीओ) देवबंद, अभिषेक सिंह ने बताया कि कल ग्राम बीबीपुर से रवीना की गुमशुदगी दर्ज की गई थी, जिसके बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। आज सुबह करीब 11 बजे सूचना मिली कि गांव के ही एक खेत में युवती का शव लटका है। सूचना पर पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ ने बताया कि परिजनों ने कुछ आशंकाएं जताई हैं, जिसके आधार पर पुलिस हर पहलू (एंगल) से जांच कर रही है। फिलहाल परिजनों की ओर से लिखित तहरीर का इंतजार है, जिसके बाद सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
न्यूज़ सोर्स: सोशल मीडिया सैल।
फोटो सोर्स: सोशल मीडिया सैल।
रिपोर्टर: दीपक तिवारी
Tags
City
Deoband Police
Missing Girl Found Dead
Saharanpur Crime
Suicide or Murder
UP Police Investigation
