बड़गांव (सहारनपुर)। बड़गांव क्षेत्र में ट्यूबवेल चोरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। चोरों ने लगातार दूसरे दिन किसानों के खेतों में बने ट्यूबवेलों को निशाना बनाते हुए स्टार्टर, कटआउट, केबल और अन्य विद्युत उपकरण चोरी कर लिए। दो दिनों में करीब दो दर्जन ट्यूबवेलों में चोरी की घटनाओं से किसानों में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, बीते दिन चोरों ने नायगांव, खुदाबकसपुर और मिर्जापुर गांव में करीब एक दर्जन ट्यूबवेलों से विद्युत उपकरण चोरी किए थे। किसानों के अनुसार चोरी हुए सामान की कीमत लाखों रुपये में बताई जा रही है।
इसके बाद सोमवार को चोरों ने कस्बा बड़गांव क्षेत्र में करीब एक दर्जन ट्यूबवेलों को निशाना बनाया। चोर ट्यूबवेलों के ताले और अन्य सुरक्षा व्यवस्था को तोड़कर अंदर घुसे तथा स्टार्टर, कटआउट, केबल सहित विद्युत उपकरण निकालकर ले गए।
लगातार दो दिनों से हो रही वारदातों के चलते खेतों में बने ट्यूबवेलों की सुरक्षा को लेकर किसानों की चिंता बढ़ गई है। किसानों का आरोप है कि सुनसान खेतों में रात के समय प्रभावी पुलिस गश्त नहीं होने के कारण चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
चोरी की लगातार घटनाओं से किसानों में पुलिस के प्रति भी रोष बढ़ रहा है। किसानों ने पुलिस अधिकारियों से क्षेत्र में रात की गश्त बढ़ाने, चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने तथा आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
लगातार दूसरे दिन हुई चोरी की घटनाओं ने बड़गांव क्षेत्र में पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब किसानों की नजर पुलिस कार्रवाई और चोरी की घटनाओं के खुलासे पर है।
Tags
Agricultural Equipment Theft
Badgaon
Badgaon Police
City
Farmer Security
Local
Saharanpur Farmers
Tube Well Chori
Tube Well Theft
