उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने होमगार्ड्स एनरोलमेंट–2025 से जुड़े अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र में सुधार का एक और मौका दिया है। बोर्ड द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, जिन उम्मीदवारों ने तय अवधि में ऑनलाइन आवेदन किया था, वे अब 18 दिसंबर 2025 सुबह 6 बजे से 21 दिसंबर 2025 सुबह 6 बजे तक अपने आवेदन फॉर्म में आवश्यक संशोधन कर सकेंगे।
बोर्ड ने बताया कि होमगार्ड्स के पदों पर एनरोलमेंट–2025 के अंतर्गत ऑनलाइन आवेदन 18 नवंबर 2025 से 17 दिसंबर 2025 तक आमंत्रित किए गए थे। इस दौरान प्राप्त कई अभ्यर्थियों के अनुरोधों को ध्यान में रखते हुए आवेदन पत्र में संशोधन की सुविधा देने का निर्णय लिया गया है। यह सुविधा केवल एक बार ही उपलब्ध कराई जा रही है।
संशोधन के लिए अभ्यर्थियों को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in या apply.uppbpb.in पर जाकर लॉगिन करना होगा। अभ्यर्थी अपने रजिस्टर्ड अकाउंट में लॉगिन कर ‘Application History’ में जाकर ‘Modify Details’ विकल्प के माध्यम से विवरण में सुधार कर सकते हैं। लॉगिन आधार आईडी, डिजिलॉकर या पंजीकृत क्रेडेंशियल के जरिए किया जा सकेगा।
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि आवेदन पत्र में OTR (वन टाइम रजिस्ट्रेशन) से प्राप्त विवरण और अपलोड की गई फोटो में कोई संशोधन नहीं किया जा सकेगा। वहीं, जिन अभ्यर्थियों ने 1 दिसंबर 2025 से पहले आवेदन किया है, वे विज्ञापन के बिंदु-15 के अंतर्गत ‘अतिरिक्त विवरण’ के उपबिंदु-2 और 5 में ‘Yes’ अथवा ‘No’ का चयन कर सकते हैं।
अभ्यर्थियों को यह भी चेतावनी दी गई है कि आवेदन पत्र में संशोधन करने का यह अंतिम अवसर है। एक बार संशोधित आवेदन पत्र को ‘अपडेट’ कर देने के बाद किसी भी प्रकार का परिवर्तन संभव नहीं होगा। इसलिए सभी विवरणों को सावधानीपूर्वक जांचने के बाद ही फॉर्म सबमिट करने की सलाह दी गई है।
यदि आवेदन संशोधन के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी समस्या आती है, तो अभ्यर्थी हेल्पलाइन नंबर 1800 9110 005 पर सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे के बीच संपर्क कर सकते हैं।
